अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के उपलक्ष पर बुशहर कबड्डी संघ राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन करेगा। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न खेल छात्रावास और अकादमी के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में इस बार 6 महिला और 6 पुरुष वर्ग की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर बुशहर कबड्डी संघ ने रविवार को बैठक कर योजना बनाई। 11 से 14 नवंबर तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय लवी मेले से पहले बुशहर कबड्डी संघ राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन करेगा। संघ के संयोजक अनिरुद्ध सिंह बिष्ट ने बताया कि इस बार लवी मेले से पहले कबड्डी प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेगी। इस प्रतियोगिता के लिए 6 महिला और 6 पुरुष टीमों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हर साल मेले से पूर्व खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है और इस बार बुशहर कबड्डी संघ को यह मौका मिला है। प्रतियोगिता का आयोजन 4 से 6 नवंबर तक करने का विचार किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन की ओर से इस प्रतियोगिता का आयोजन करवाया जाता है। बुशहर कबड्डी संघ अपनी ओर से प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए पूरा प्रयास करेगा। इस प्रतियोगिता के लिए महिला वर्ग में साईं हॉस्टल धर्मशाला, खेलो इंडिया खेलो सेंटर राजपुरा, कोहिनूर अकादमी धबोटा, कृष्णा अकादमी बिलासपुर, पांवटा अकादमी पांवटा साहिब और स्टेट हॉस्टल बिलासपुर, पुरुष वर्ग में खेलो इंडिया सेंटर राजपुरा, कोहिनूर अकादमी धबोटा, साई हॉस्टल बिलासपुर, बीबीएन नालागढ़ और कृष्णा अकादमी को निमंत्रण भेजा गया है। बिष्ट ने बताया कि एसडीएम रामपुर से संघ का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द मुलाकात कर आगामी रणनीति पर काम करेगा। इस प्रतियोगिता के बाद आगामी साल में एक और बड़ी प्रतियोगिता संघ आयोजित करेगा। इस मौके पर संजय सूद, दलीप भलूनी, संजय नेगी, नवीन भलूनी सहित अन्य मौजूद रहे।