शारदीय नवरात्र पर माता श्राईकोटी मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। सोमवार को दूर-दूर से माता के मंदिर में श्रद्धालु पहुंचे और माता की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। ऐतिहासिक एवं प्रमुख श्राईकोटी मंदिर रामपुर उपमंडल की 12/20 घाटी में करीब 11 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित है। हर वर्ष प्रदेश भर से माता के भक्त मंदिर पहुंचते हैं। भारी बरसात के कारण इस साल ग्रामीण इलाकों में यातायात प्रभावित है। इसके बावजूद भी माता के दर्शनों को सैकड़ों लोग पहुंच रहे हैं। सेरीपुल सड़क बंद होने के कारण श्रद्धालुओं को रामपुर-लालसा वाया बाहलीधार होकर यात्रा करनी पड़ रही है। सोमवार को मंदिर में महिलाओं ने भजन-कीर्तन का खूब दौर चलाया। दिन भर मंदिर में श्रद्धालुओं का आना जाना लगा रहा। मंदिर में पहुंचने वाले भक्तों ने भंडारे का प्रसाद भी ग्रहण किया। श्राईकोटी माता के पुजारी रतन भूषण ने कहा कि श्राईकोटी माता के प्रति लोगों की गहरी आस्था है। दूर दूर से माता के दर्शनों को श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस साल यातायात प्रभावित होने के बाद भी भक्त कई किलोमीटर पैदल सफर कर माता के मंदिर पूजा-अर्चना करने पहुंच रहे हैं। मंदिर में रोजाना भंडारे का आयोजन किया जा रहा है।