नशे के खिलाफ शिमला पुलिस की लड़ाई लगातार जारी है। बीते डेढ़ वर्ष में रामपुर और शिमला पुलिस ने ठोस और निर्णायक कदम उठाए हैं। डेढ़ वर्ष में रामपुर पुलिस ने तस्करों से 826.63 ग्राम चिट्टा बरामद किया है और 189 तस्कर गिरफ्तार किए हैं। यह बात डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि रामपुर उपमंडल के तहत रामपुर, ननखड़ी, झाकड़ी और कुमारसैन थाने आते हैं। चारों थानों के तहत पुलिस ने बीते डेढ़ वर्ष में 189 तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। जबकि 826.63 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इनमें कुमारसैन थाना के तहत मुख्य गिरोह राधे गैंग, जिसमें करीब 14 व्यक्ति, अंतरराज्यीय सोनू गैंग के पंजाब से पति और पत्नी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में 38 अन्य व्यक्ति पकड़े गए। वहीं भद्राश में मनीष गैंग को 87.87 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा गया और इसके बाद 10 व्यक्ति गिरफ्तार किए। वहीं डकोलढ़ से गोविंद को गिरफ्तार करने के बाद अन्य साथियों को पकड़ा। इसके अलावा कुमारसैन थाना के तहत 15.36 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया, जो हरियाणा से संबंधित थे। हाल ही में रामपुर थाना के भैरा खड्ड के समीप 17.156 ग्राम चिट्टे के साथ किन्नौर से संबंधित दीवान जोश को दो अन्य साथी के साथ गिरफ्तार किया। उसके बाद इस मामले में बीते दिनों सांगला के चार अन्य लोगों को गिरफ्तार किया। नरेश शर्मा ने कहा कि एसपी शिमला संजीव गांधी के नेतृत्व में नशे के खिलाफ ठोस और निर्णायक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि अपने आसपास नशा तस्करों के बारे पुलिस को सूचना दें। उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। कहा कि ड्रग इंस्पेक्टर के साथ ज्यूरी में भी 400 कैप्सूल बरामद किए गए, जो कुरियर के माध्यम से पहुंचाया गए थे। नशा तस्करों को पुलिस किसी भी सूरत में नहीं बक्शेगी। इस मौके पर थाना प्रभारी आशीष कौशल भी मौजूद रहे।