भाजपा ने रिकांगपिओ में तिरंगा यात्रा निकाली। यह यात्रा रामलीला मैदान से शुरू होकर पीएनबी होते हुए वापस रामलीला मैदान में आकर समाप्त हुई। तिरंगा यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भाग लिया और जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों ने तिरंगा झंडा लेकर भारत माता की जय, हिंदुस्तान जिंदाबाद, भारतीय सेना जिंदाबाद और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए । इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि यह यात्रा भारतीय सेना का मनोबल बढ़ाने और देश के नेतृत्व, विशेषकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह संदेश देने के लिए आयोजित की गई है कि हम आपके साथ चट्टान की तरह खड़े हैं। इस अवसर पर उन्होंने इस ऑपरेशन में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए गहरी संवेदना भी प्रकट की । उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान ने जब भी भारत के साथ उलझने की कोशिश की है उसे हमेशा मुंह की खानी पड़ी है तथा ऑरपेशन सिंदूर में भारतीय सेना ने पाकिस्तान को मजबूती के साथ मुंहतोड़ जवाब दिया है। इस यात्रा में पूर्व वन निगम उपाध्यक्ष सूरत नेगी, जिला भाजपा अध्यक्ष यशवंत नेगी सहित जिला भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।