सुंदरनगर के चमुखा निवासी और कारोबारी सुरेश कुमार 11 अगस्त की रात को उस समय स्तब्ध हो गए, जब उनके दो बैंक के तीन खातों से धड़ाधड़ पैसे निकलने लगे। बार-बार फोन पर पैसे निकलने के संदेश आने से सुरेश कुमार परेशान हो गया। सुरेश कुमार ने बताया कि उसके यूनियन बैंक और सेंट्रल बैंक में बचत और चालू के खाते हैं। शातिर ने 11 अगस्त की रात को करीब 11:00 बजे पहले सेंट्रल बैंक से बचत खाते से 10-10 हजार करके एक लाख पांच हजार रुपये और चालू खाते से 54 हजार 700 रुपये निकाले। वहीं यूनियन बैंक के बचत खाते से 10-10 हजार करके 41,200 हजार रुपये उड़ा दिए। सुरेश कुमार को हैरानी इस बात की हुई कि बिना एटीएम कार्ड, बिना ओटीपी पैसे नहीं निकलते है तो फिर उसके खाते से रातोंरात इतनी राशि कैसे गायब हो गई। 12 अगस्त को सुरेश कुमार ने दोनों बैंक में जाकर लिखित शिकायत देने के अलावा बैंक के टोल फ्री नंबरों पर कॉल कर दी। इसके बाद सुंदरनगर थाना और सलापड़ चौकी में मामला दर्ज करवाया। सुरेश कुमार ने रोष जताते हुए बताया कि पांच दिन गुजर जाने के बाद भी अभी तक न बैंक और न ही पुलिस इस गुथी को सुलझा पाई है। उधर, डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत मिली मामले में जांच जारी है।