राजकीय महाविद्यालय लडभड़ोल में रोवर्स एंड रेंजर्स यूनिट के तत्वावधान में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027’ के तहत ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता करवाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. मुनीश ठाकुर ने की। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने देश में चुनावी सुधारों की जरूरत और उनके संभावित प्रभावों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के संवैधानिक, आर्थिक और व्यावहारिक पहलुओं को अपने भाषणों में शामिल किया। उन्होंने देश के विकास में चुनावी सुधारों की भूमिका पर भी विचार रखे। प्रतियोगिता में डॉ. पंकज कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई और प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता के परिणाम में दीक्षा ठाकुर ने पहला स्थान हासिल किया। गुंजन दूसरे और दीक्षा तीसरे स्थान पर रहीं। कार्यकारी प्राचार्य डॉ. मुनीश ठाकुर ने विजेताओं और सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए सम्मानित किया। अपने संबोधन में डॉ. मुनीश ठाकुर ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में भी सहायक होती हैं। उन्होंने युवाओं से देश के महत्वपूर्ण विषयों और मुद्दों के प्रति जागरूक रहने तथा उनमें सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में संयोजक सहायक प्राध्यापक तिलक शर्मा और सहायक प्राध्यापक अनीता शर्मा ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।