फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mandi News: 3 अगस्त को बंद रहेगा माता बगलामुखी रोपवे, 4 अगस्त से फिर शुरू होगी सेवा

मंडी जिले के पंडोह स्थित प्रसिद्ध माता बगलामुखी मंदिर तक जाने वाला रोपवे 3 अगस्त को पूरे दिन बंद रहेगा। रोपवे का संचालन करने वाली कंपनी स्की हिमालयाज ने नियमित रखरखाव और तकनीकी निरीक्षण के चलते यह निर्णय लिया है। निर्धारित कार्य पूरा होने के बाद 4 अगस्त की सुबह से रोपवे सेवा फिर से सामान्य रूप से शुरू कर दी जाएगी। कंपनी के अनुसार, 3 अगस्त को विशेषज्ञ इंजीनियरों की टीम रोपवे प्रणाली का विस्तृत तकनीकी निरीक्षण करेगी। इस दौरान मुख्य केबल, मशीनरी, पुली सिस्टम, ब्रेकिंग सिस्टम, कंट्रोल यूनिट और सुरक्षा उपकरणों सहित सभी महत्वपूर्ण तकनीकी हिस्सों की जांच की जाएगी। निरीक्षण के दौरान यदि किसी प्रकार की तकनीकी कमी या उपकरणों में घिसावट पाई जाती है तो उसे तुरंत दूर किया जाएगा, ताकि रोपवे का संचालन पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु बना रहे। पंडोह के कैंची मोड़ से माता बगलामुखी मंदिर तक पहुंचने के लिए यह रोपवे श्रद्धालुओं का प्रमुख साधन है। प्रतिदिन प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसी माध्यम से मंदिर पहुंचते हैं। रविवार और अवकाश के दिनों में यहां यात्रियों की संख्या और अधिक रहती है। कंपनी प्रबंधन और प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे 3 अगस्त को रोपवे सेवा बंद रहने की सूचना को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उप महाप्रबंधक अमित कुमार (आरटीडीसी) ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित रखरखाव और तकनीकी निरीक्षण किया जा रहा है। निर्धारित कार्य पूरा होने के बाद 4 अगस्त से रोपवे सेवा दोबारा सामान्य रूप से शुरू कर दी जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें