आम आदमी पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर से अपने संगठन की तरफ ध्यान देना शुरू कर दिया है। इसके लिए आने वाली 7 जनवरी को मंडी में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की एक जिला स्तरीय बैठक आयोजित होने जा रही है। यह जानकारी हिमाचल प्रदेश आम आदमी के प्रवक्ता कपिल ठाकुर ने मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि बैठक में हिमाचल प्रदेश आम आदमी के प्रभारी ऋतुराज झा, सह प्रभारी अजय राजपूत और पर्यवेक्षक कैप्टन प्रशांत शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। बैठक में जिला के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी के 300 से अधिक पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि अभी संगठन के गठन का काम चला हुआ है। बैठक में संगठन की मजबूती और भविष्य की योजनाओं को लेकर चर्चा की जाएगी। कपिल ठाकुर ने बताया कि पार्टी के कार्यकर्ता जिला के सभी दस विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर पर जाकर लोगों को पार्टी की नीतियों के बारे में बताकर उन्हें संगठन के साथ जोड़ने का काम कर रहे हैं। जिन लोगों को पार्टी की विचारधारा सही लग रही है उन्हें इसके साथ जोड़ा जा रहा है। भविष्य में लक्ष्य यही है कि संगठन को विशाल रूप में खड़ा किया जा सके। पत्रकार वार्ता में पार्टी के जिलाध्यक्ष राकेश रावत, पवन कुमार जिला संगठन मंत्री, श्याम लाल राज्य कॉर्डिनेटर, दलीप सिंह ठाकुर राज्य कॉर्डिनेटर सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।