क्षेत्र की लौंगणी पंचायत के स्याठी गांव में 30 जून की रात्रि भारी मूसलाधार वर्षा से बेघर 20 परिवारों की मदद के लिए सामाजिक संगठन और संस्थाएं आगे आ रही हैं। विभिन्न संस्थाओं और लोगों की ओर से करीब साठ लाख रुपये की सहायता पहले ही दे दी है। रविवार को सीनियर सिटीजन काउंसिल हमीरपुर के पदाधिकारियों ने लौंगणी के त्रैंबलाधार राहत कैंप में पहुंचकर 10 लाख की राहत राशि दी। संस्थान के प्रधान विजय पुरी ने विस्थापित परिवारों के सदस्यों को आश्वासन दिया कि उनकी सहायता संस्था आगे भी करती रहेगी। पंचायत प्रधान मीना देवी, उपप्रधान पृथी सिंह, पूर्व प्रधान देशराज पालसरा, माकपा नेता भूपेंद्र सिंह ने भी संस्था का धन्यवाद किया है। इस मौके पर संस्था की ओर से ओपी शर्मा, कुलदीप, कमल, भगवान दास शास्त्री मौजूद रहे।