80वें स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह शनिवार को मंडी शहर के सेरी मंच पर आयोजित किया जाएगा। समारोह में प्रदेश सरकार में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे और राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। शुक्रवार को समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। समारोह का मुख्य आकर्षण रहने वाली परेड की तैयारियों का एसपी मंडी विनोद कुमार और एएसपी मंडी अभिमन्यु वर्मा ने जायजा लिया। अधिकारियों ने परेड में शामिल होने वाली विभिन्न टुकड़ियों की तैयारियों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। एएसपी मंडी अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि परेड में पुलिस और होमगार्ड की पुरुष एवं महिला टुकड़ियों के अलावा पुलिस बैंड, एनसीसी की सीनियर और जूनियर टुकड़ियां, स्काउट एंड गाइड तथा एनएसएस की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी। परेड में 300 से अधिक प्रतिभागी शामिल होकर मुख्य अतिथि को सलामी देंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान लोगों की सुविधा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेरी मंच के आसपास ट्रैफिक को एकतरफा रखा जाएगा। एएसपी ने बताया कि समारोह के समापन तक शहर में यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रहेगी। लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात किए जाएंगे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सेरी मंच में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। समारोह में परेड के अलावा विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।