लगातार बारिश से मंडी-कुल्लू नेशनल हाईवे बार-बार बंद होना अब किसानों-बागवानों और कारोबारियों के लिए भारी मुसीबत बन गया है। पिछले करीब 48 घंटों से मार्ग में रुकावट के चलते लाहाैल, जांस्कर और कुल्लू से आने वाली फल व सब्जियों से भरी गाड़ियां बीच रास्ते में ही फंस गईं। लंबे समय तक खड़ी रहने से गाड़ियों में भरी गोभी, मटर, सेब और अन्य सब्जियां सड़ गईं। कारोबारियों के अनुसार जो माल किसी तरह मंडी तक पहुंचा भी वह भी खराब होने के कारण बिक नहीं पाया। मजबूरी में सड़ा हुआ माल नालों और खड्डों में फेंक दिया। टकोली सब्जी मंडी के व्यापारियों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से उनकी गाड़ियों में लदा माल पूरी तरह से नष्ट हो चुका है जिससे उन्हें करोड़ों का घाटा झेलना पड़ा है। यह नुकसान न केवल व्यापारियों के लिए बड़ा झटका है, बल्कि किसानों की मेहनत भी बर्बाद हो गई है। लगातार बारिश और बंद रास्तों से हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।