मंडी। विद्युत बोर्ड ने सभी उपभोक्ताओं को 25 दिसंबर तक अपनी विद्युत मीटरों की ई-केवाईसी (इलेक्ट्रॉनिक नो योर कस्टमर) करवाने की अपील की है। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, वे जल्द से जल्द इसे करवा लें, क्योंकि ई-केवाईसी न करवाने वाले उपभोक्ताओं को विद्युत बिल अदायगी में दी जाने वाली सभी सुविधाओं से वंचित किया जाएगा।
विद्युत उपमंडल मंडी-एक के सहायक अभियंता नरेश ठाकुर और विद्युत उपमंडल-दो के सहायक अभियंता सुनील शर्मा ने सभी होटलों और घरेलू श्रेणी के उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे नजदीकी विद्युत बोर्ड कार्यालयों में जाकर शीघ्र ई-केवाईसी करवाएं। विद्युत बोर्ड द्वारा उपभोक्ताओं के विद्युत मीटरों की ई-केवाईसी प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है, लेकिन अब भी कई उपभोक्ताओं ने यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है। अधिकारियों ने कहा कि उपभोक्ताओं के लिए यह अंतिम अवसर है और 25 दिसंबर तक सभी को अपनी ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से करवानी होगी। संवाद