भीषण गर्मी से निजात पाने के लिए कुल्लू-मनाली की ठंडी वादियों में आने वाले सैलानी अपनी जान जोखिम में डालकर ब्यास सहित अन्य नदी-नालों में उतर रहे हैं। भुंतर, रामशिला, बबेली, मनाली आदि जगहों में पर्यटक नदी में मस्ती के लिए उतर रहे हैं। मस्ती के लिए थोड़ी सी लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है। गर्मी का असर बढ़ते ही नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। हालांकि, जिला प्रशासन की ओर से जगह-जगह पर्यटकों को नदी में न जाने के लिए साइन बोर्ड भी लगाए गए हैं, इसके बावजूद भी पर्यटक नदी में उतर रहे हैं। कई पर्यटक हादसों में अपनी जान भी गवां चुके हैं।