पर्यटन नगरी में मौसम का मिजाज फिर बिगड़ गया है। सोमवार को सुबह से ही हो रही बारिश के बाद मनाली शहर में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। जबकि सोलंगनाला और साथ लगते इलाकों मे सोमवार रात को एक फीट से अधिक बर्फबारी हुई। इसके अलावा मनाली मे पांच इंच, पलचान में 10 इंच, कोठी मे एक फीट बर्फबारी हुई। भारी बर्फबारी के कारण घाटी का जनजीवन ठप हो गया है। बर्फबारी के कारण बंद हुए संपर्क मार्गों को बहाल करने का कार्य मंगलवार को खराब मौसम के बीच जारी रहा। लोक निर्माण विभाग ने लगभग 90 प्रतिशत सड़कों को खोल दिया है। जबकि अन्य मार्गों से बर्फ हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। नगर परिषद ने भी शहर की गलियों और सड़कों से बर्फ हटा दी है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता आकाश सूद ने बताया कि सड़कों से बर्फ हटाने का कार्य जारी है। अधिकतर सड़कों से बर्फ हटा दी गई है।