संसारी-किलाड़-थिरोट-तिंदी मार्ग करीब 14 घंटे बाद यातायात के लिए बहाल हो गया। दरेढ़ नाले में जलस्तर बढ़ने के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी। इससे उदयपुर और पांगी की ओर जाने वाले यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जलस्तर बढ़ने के बाद सुरक्षा को देखते हुए बीआरओ ने एहतियातन मार्ग पर यातायात बंद कर दिया था। मार्ग बंद होने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और कई वाहन रास्ते में फंसे रहे। इससे पांगी की ओर जाने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बीआरओ की टीम वीरवार को मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। नाले का जलस्तर कम होने के बाद सड़क को यातायात के लिए खोल दिया गया। करीब 14 घंटे बाद मार्ग बहाल होने से पांगी की ओर जाने वाले लोगों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। बरसात के दौरान क्षेत्र के नालों और नदी-नालों में अचानक जलस्तर बढ़ने के कारण सड़क मार्गों पर यातायात प्रभावित होने का खतरा बना रहता है। ऐसे में बीआरओ की ओर से सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्थिति सामान्य होने तक वाहनों की आवाजाही रोक दी जाती है।