सेब सीजन के बीच ही भुंतर सब्जी मंडी में अनार 145 रुपये प्रतिकिलो तक बिक रहा है। निचले क्षेत्रों में बागवानों ने अनार का तुड़ान शुरू कर दिया है। व्यापारी सेब के साथ अनार खरीदने में भी दिलचस्पी ले रहे हैं। अनार के बेहतर दाम मिलने से बागवानों के चेहरों पर रौनक छा गई है। बाजार में डिमांड अधिक होने के कारण आने वाले दिनों में अनार के दामों में और इजाफा होगा। सब्जी मंडी भुंतर में आढ़ती यूनियन के अध्यक्ष मानस कुमार सूद ने कहा कि बागवान अनार के तुड़ान में जल्दबाजी न करें। तैयार होने के बाद ही इसे मंडियों में लाएं।