अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मिड डे मील वर्कर यूनियन से संबंधित कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला मुख्यालय ढालपुर में प्रदर्शन किया और प्रशासन के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन सौंपा। वर्करों ने हरियाणा सरकार की तर्ज पर वेतन देने, 10 माह की बजाय 12 माह का वेतन लागू करने तथा प्रत्येक स्कूल में दो मिड डे मील वर्करों की नियुक्ति की मांग उठाई। यूनियन प्रतिनिधियों ने कहा कि मिड डे मील वर्करों को अतिरिक्त कार्य का अतिरिक्त वेतन, आंगनबाड़ी कर्मचारियों की तर्ज पर छुट्टियों का प्रावधान और 45वें भारतीय श्रम सम्मेलन की सिफारिशों के अनुसार नियमित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वर्कर आंदोलन तेज करने को मजबूर होंगे। यूनियन ने सरकार से मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर प्रदेश के हजारों मिड डे मील वर्करों को राहत देने की अपील की।