मनाली। लाहौल के आराध्य देव राजा घेपन और माता हिडिंबा का ऐतिहासिक देव मिलन सोमवार को मनाली के ढूंगरी स्थित हिडिंबा मंदिर में हुआ। देव मिलन के साक्षी बनने के लिए हिडिंबा मंदिर परिसर और मेला मैदान में जनसैलाब उमड़ पड़ा। राजा घेपन की मलाणा यात्रा के तीसरे दिन देवता मनाली पहुंचे। लाहौल से राजा घेपन के साथ माता हिडिंबा और अठारह नाग देवता भी देव यात्रा में शामिल हुए। सबसे पहले मेला मैदान में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार देव कार्रवाई हुई, जहां देवी-देवताओं का भव्य मिलन हुआ। इसके बाद सभी देवी-देवता हिडिंबा मंदिर में विराजमान हुए। देव मिलन के दौरान पूरे परिसर में पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज, देव रथों की भव्यता और श्रद्धालुओं के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। मंदिर में देवी-देवताओं के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। देव समाज के अनुसार राजा घेपन की मलाणा यात्रा और माता हिडिंबा से उनका मिलन कुल्लू-लाहौल की प्राचीन देव परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह आयोजन धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और देव संस्कृति के संरक्षण का जीवंत प्रतीक माना जाता है। संवाद