हिमाचल के कुल्लू जिले के मनाली मालरोड पर महानाटी शुरू हो गई है। शनिवार को राइट बैंक के महिला मंडलों की नाटी का आयोजन किया गया। महिलाओं ने सफेद पट्टू, लाल ढाठू, पारंपरिक आभूषणों को पहनकर नाटी डाली। हाथ में सफेद रुमाल लेकर महिलाओं ने भाऊआ रूपी... गीत से नाटी का आगाज किया। लगभग एक घंटे तक नाटी जारी रही। बता दें, लगभग 43 घंटे बाद राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवल के सांस्कृतिक कार्यक्रम फिर शुरू हुए हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच मनु रंगशाला में हर दर्शक को चेकिंग के बाद ही भीतर भेजा जा रहा है। बुधवार रात मनुरंगशाला में हुए झगड़े में युवक की हत्या के चलते कार्निवल कमेटी ने कार्यक्रम स्थगित किए थे। शुक्रवार को आपात बैठक बुलाकर सभी की राय के बाद कार्निवल को जारी रखने का फैसला लिया गया।