कांगड़ा जिले के पालमपुर में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य में आपदा प्रबंधन एक्ट लगा है। हमारा सबसे पहले दायित्व आपदा प्रभावितों को राहत पहुंचाना है। पंचायतों में जब सड़कें नहीं खुलेंगी तो आप वोटर का अधिकार कैसे छीन सकते हैं। सड़कें खोलना प्राथमिकता है और इस दिशा में काम हो रहा है। पंचायत के चुनाव होंगे, इसमें कोई दो राय नहीं है। सीएम सुक्खू ने कहा कि राज्य चुनाव आयोग ने जो अधिसूचना जारी की है, उसका कानूनी अध्ययन किया जा रहा है। जो भी कानून के दायरे के तहत होगा उसमें आगामी कार्रवाई होगी। मंत्रिमंडल ने फैसला लिया है कि कुछ पंचायतों का पुनर्सीमांकन होना है और कुछ का पुनर्गठन कर नई पंचायतें बननी हैं।