भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री रविंद्र रवि ने ज्वालामुखी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पंचायती राज चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की शानदार जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जनता का भाजपा के प्रति बढ़ता विश्वास बताया। वहीं हाल ही में दुखद हादसे में दिवंगत हुए वीर जवान अमित राणा को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। रविंद्र रवि ने कहा कि ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र की तीनों जिला परिषद सीटों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने विजय हासिल की है, जबकि कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में प्रधान, उपप्रधान और अन्य पंचायत प्रतिनिधियों के चुनावों में भी भाजपा विचारधारा से जुड़े उम्मीदवारों को व्यापक जनसमर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि बीडीसी सदस्यों में भी भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों का बहुमत है और आने वाले समय में बीडीसी अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों पर भी भाजपा समर्थित उम्मीदवार ही निर्वाचित होंगे। रवि ने दावा किया कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को नकारना शुरू कर दिया है और भाजपा के पक्ष में स्पष्ट जनमत दिखाई दे रहा है। पूर्व मंत्री ने कहा कि आगामी नगर परिषद चुनावों में भी भाजपा बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने दावा किया कि पालमपुर को छोड़कर सभी नगर निगम चुनावों में भाजपा को जीत मिली है। इस अवसर पर भाजपा के अजय खट्टा, रामलोक धनोटिया, संजय राणा, सरोज कुमारी, आरती राणा, राम स्वरूप शास्त्री सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।