करवाचौथ के अवसर पर धर्मशाला के फव्वारा चौक में मेहंदी लगवाने के लिए महिलाएं पहुंचीं। रामलीला के दौरान मेहंदी कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए उपलब्ध करवाए गए मंच को त्योहार पर भी अच्छा प्रतिसाद मिला। हालांकि, इस बार बाजार में महिलाओं की मौजूदगी अपेक्षाकृत कम रही। करवाचौथ के दिन महिलाओं ने फव्वारा चौक पर पहुंचकर हाथों पर आकर्षक मेहंदी के डिजाइन बनवाए। कोतवाली बाजार व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनुज कश्यप के अनुसार, बड़ी संख्या में महिलाएं यहां मेहंदी लगवाने आईं। त्योहार के चलते मेहंदी कलाकारों के पास लोगों की आवाजाही बनी रही। पालमपुर की अदिति ने बताया कि इस पहल से मेहंदी कलाकारों को अपनी कला दिखाने के साथ रोजगार कमाने का अवसर मिला है। रामलीला के दौरान उपलब्ध करवाए गए मंच ने कलाकारों को लोगों तक पहुंचने का एक नया माध्यम दिया। कोतवाली बाजार व्यापार मंडल की इस पहल से महिलाओं को मेहंदी लगवाने के लिए एक नया विकल्प मिला। साथ ही स्थानीय कलाकारों को भी प्रोत्साहन मिला। आयोजकों के अनुसार, मेहंदी कलाकारों के लिए निर्धारित स्थान की व्यवस्था से गुरुद्वारा मार्ग पर लगने वाले जाम से भी राहत मिली।