भाजपा युवा मोर्चा की ओर से गुरुवार को राजा का तालाब से रैहन तक संयुक्त मोर्चा सम्मेलन के तहत बाइक रैली निकालकर लोगों को स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। रैली का नेतृत्व पूर्व वन मंत्री राकेश पठानिया ने किया। इसमें सभी मोर्चों से संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इसके बाद रैहन में राजा का तालाब मंडल अध्यक्ष सुशील शर्मा व महामंत्री मनोज कालू की अध्यक्षता में एक जनसभा आयोजित की गई। इसमें नूरपुर भाजपा संगठनात्मक जिलाध्यक्ष राजेश काका विशेष रूप से उपस्थित रहे। रैली को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता राकेश पठानिया ने कहा कि युवा मोर्चा द्वारा निकाली गई बाइक रैली का उद्देश्य लोगों को स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देना था । उन्होंने कहा कि इस रैली के माध्यम से लोगों में प्रधानमंत्री मोदी के स्वदेशी चीजों को अपनाने के संदेश को हर बूथ स्तर पर पहुंचाना शामिल है । उन्होंने सभी मोर्चों के पदाधिकारियों से प्रधानमंत्री मोदी के स्वदेशी वस्तुएं अपनाने के संदेश को अपने हर बूथ तक पहुंचा कर लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया। इस दौरान जनसभा को भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश काका ने भी संबोधित किया । रैली में महिला युवा मोर्चा, किसान युवा मोर्चा सहित सभी मोर्चों के पदाधिकारियों व करीब 1,300 कार्यकर्ताओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। इस मौके पर राजा का तालाब मंडलाध्यक्ष सुशील शर्मा, मंडल महामंत्री मनोज शर्मा कालू, राजा का तालाब किसान मोर्चा अध्यक्ष शम्मी पठानिया, महामंत्री सुशील राणा, फतेहपुर मंडलाध्यक्ष गणेश शर्मा, महामंत्री जय पठानिया सहित सभी मोर्चों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे ।