मुख्यमंत्री सुक्खू पर विधायक सुधीर शर्मा की ओर से की गई टिप्पणी को लेकर कांग्रेस ने तीखा पलटवार करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और सांविधानिक गरिमा पर हमला बताया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती ने गुरुवार को प्रेसवार्ता कर कहा कि जिस व्यक्ति ने स्वयं लंबे समय तक विधायक और मंत्री जैसे सांविधानिक पदों की जिम्मेदारी निभाई हो तथा जिसका परिवार वर्षों तक सत्ता और राजनीति के केंद्र में रहा हो, उससे सार्वजनिक जीवन में शालीनता और जिम्मेदार व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। यदि ऐसे लोग व्यक्तिगत स्तर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं तो जनता उन्हें कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कुछ नेता राजनीतिक हताशा और निजी कारणों से लगातार मुख्यमंत्री पर अनर्गल आरोप लगाने और अमर्यादित बयान देने में लगे हैं। उनका आरोप है कि आय से अधिक संपत्ति के मामलों में चल रही जांच से उपजी बेचैनी के कारण इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो पूरी तरह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हमेशा जनहित और पारदर्शिता की राजनीति को प्राथमिकता दी है, जबकि कुछ लोग व्यक्तिगत स्वार्थ के चलते राजनीतिक मर्यादाओं को तार-तार कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे नेताओं का राजनीतिक इतिहास भी अवसरवाद और अपनी ही पार्टी के खिलाफ काम करने का रहा है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर मर्यादा और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान करने वाले नेताओं को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।