प्रदेश विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय पुरुष एवं महिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता में सुजानपुर टिहरा के खिलाड़ियों ने तीन पदक जीते हैं। बैजनाथ में 23 से 25 अक्तूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में महाविद्यालय की मुस्कान ठाकुर ने 62 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं हर्ष राज ने 53 किलोग्राम भारवर्ग में रजत और वंशिका ठाकुर ने 57 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. विभा ठाकुर ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने टीम समन्वयक डॉ. सपना राणा और प्रो. संदीप शर्मा के प्रयासों की भी सराहना की। महाविद्यालय स्टाफ ने पदक विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।