हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम सेवानिवृत कर्मचारी कल्याण संगठन ने गुरुवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हमीरपुर के गांधी चौक पर प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे सेवानिवृत कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबित पड़ी मांगों को जल्द पूरा करने का आह्वान किया। नागरिक आपूर्ति निगम से सेवानिवृत कर्मचारियों ने संशोधित वेतनमान 2016 की बकाया राशि को जल्द भुगतान करने के अलावा पेंशन ट्रस्ट में फंड डालने और इस ट्रस्ट के माध्यम से पेंशन देने की भी मांग की है। वहीं सेवानिवृत कर्मचारियों ने लीव इंकैशमेंट और संशोधित ग्रेच्युटी का भी जल्द भुगतान करने की मांग की। प्रदर्शन में प्रदेश के छह जिलों से आए सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष निरंजन चौहान ने कहा कि राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष मुख्यमंत्री हैं और उन्हें सेवानिवृत्त कर्मचारियों का ध्यान रखते हुए उनकी मांगों को जल्द पूरा करने के लिए बैठक बुलानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री केवल मात्र आश्वासन देते हैं और धरातल पर कोई काम नहीं करते।