नगर निगम हमीरपुर में शामिल नए वार्डों में परिसीमन कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है। परिसीमन के लिए दर्ज आपत्तियों के फैसलों पर अब आगामी आठ दिनों में लोग मंडल आयुक्त के पास अपील कर सकते हैं। इसी के चलते नगर निगम के 15 वार्ड में लोगों ने जिला प्रशासन के पास कुल 27 आपत्तियां दर्ज करवाई थीं। मंगलवार दोपहर 1:00 बजे पत्रकारों से बातचीत करते हुए अतिरिक्त जिला उपायुक्त अभिषेक कुमार गर्ग ने बताया कि 9 जून तक लोगों से आपत्तियां मंगवाई गई थीं और इनका निपटारा 16 जून को लोगों के बयान कलमबंद करके किया है। उन्होंने बताया कि अब आगामी आठ दिनों के भीतर आपत्तियों पर लिए गए फैसले पर मंडलायुक्त के पास अपील की जा सकती है। अभिषेक कुमार गर्ग ने बताया कि हमीरपुर नगर निगम के 15 वार्ड के अलावा नगर पंचायत बड़सर, नगर पंचायत भोरज और नगर परिषद नादौन में भी लोगों ने अपनी आपत्तियां दर्ज की थीं, जिनका निपटारा किया गया है।