हमीरपुर सदर थाना के तहत सलासी के पास निजी बस चालक और परिचालक से मारपीट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। इस वारदात को अंजाम देने के बाद हुई दुर्घटना में घायल युवती को गंभीर हालत में एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। युवती की हालत बेहद ही नाजुक बताई जा रही है। मामले में सोशल मीडिया पर घटना का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। सूचना है कि सुबह चार बजे नशे में धुत्त कुछ लोगों ने भारत बस सर्विस की बस को रोक कर शीशे तोड़े, ड्राइवर और यात्रियों से मारपीट की और मौके से गाड़ी भगाकर ले गए थे। इसके बाद थोड़ी दूरी पर ट्रक से इन लोगों की गाड़ी टकराई और गाड़ी में सवार लड़की गंभीर रूप से घायल हुई है। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलबीर सिंह ठाकुर का कहना है कि कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। घायल लड़की को हमीरपुर से एम्स बिलासपुर के लिए रेफर किया गया है।