आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर के होम्योपैथिक क्लीनिक में पत्थरी, किडनी, गठिया व त्वचा रोगियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। होम्योपैथिक क्लीनिक में इन रोगों के रोजाना तीन से चार नए मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। सर्दी के मौसम में इन रोगियों का दर्द बढ़ जाता है। चिकित्सकों के अनुसार बदलती जीवनशैली, अनियमित खानपान आदि इसके प्रमुख कारण हैं। क्लीनिक में प्रतिदिन 30 से 35 ओपीडी होती है। इसमें पुरूषों के साथ-साथ महिलाओं और बुजुर्ग मरीजों की संख्या भी अच्छी-खासी है। खासकर गठिया और किडनी संबंधी समस्याओं के मरीज लंबे समय से दर्द और कमजोरी जैसी परेशानियों से जूझते हुए यहां इलाज के लिए आ रहे हैं। क्लीनिक में होम्योपैथिक चिकित्सक व फार्मासिस्ट मरीजों को केवल दवाइयां ही नहीं, बल्कि उनकी दिनचर्या, खानपान और जीवनशैली में जरूरी बदलावों को लेकर भी उचित परामर्श दे रहे हैं। रंगस से पत्थरी के मरीज सुभाष चंद ने बताया कि दो महीने से वह पत्थरी की समस्या से जूझ रहे हैं। होम्योपैथिक दवाइयों से उन्हें धीरे-धीरे आराम मिल रहा है। वहीं वरिष्ठ फार्मासिस्ट डॉ. रणजीत ने बताया कि रोजाना काफी संख्या में मरीज स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। नियमित दवाइयों के साथ संतुलित आहार, पर्याप्त पानी का सेवन और हल्का व्यायाम रोगों से राहत दिलाने में सहायक सिद्ध हो रहा है।