रेहड़ी फड़ी धारकों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए मंगलवार को नेशले कंपनी और खाद्य सुरक्षा विभाग के संयुक्त तत्वाधान में जागरूकता शिविर का आयोजन हमीरपुर में स्थित एक निजी होटल में किया गया। शिविर में खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण एवं प्रमाणिक कार्यक्रम के तहत प्रमुख प्रशिक्षक रोशन चौधरी ने रेहड़ी फड़ी संचालकों को सफाई व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर खाद्य सुरक्षा विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक ठाकुर ने रेहड़ी फड़ी धारकों को सफाई व्यवस्था के साथ साथ खाद्य वस्तुओं के निर्माण में उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खाद्य रंगों का प्रयोग कम से कम करें। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत किसी भी खाद्य पदार्थ को समाचार पत्र में लपेट कर न दें अन्यथा कार्रवाई भी हो सकती है। डॉ. अभिषेक ने कहा कि सभी रेहड़ी फड़ी धारक अपने प्रमाण पत्र जरूर बनाएं। नियमों के अनुसार सभी दुकानदारों को लाइसेंस बनवाना अनिवार्य है। इस मौके पर करीब 70 रेहड़ी फड़ी धारकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण शिविर में कंपनी की ओर से एक एक किट भी वितरित की गई जिसमें एप्रोन, तौलिया, दास्ताने, हेड कवर आदि शामिल रहा।