जवाहर नवोदय विद्यालय डूंगरी में आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के पांचवें दिन की शुरुआत फायरिंग अभ्यास व पीटी सत्र के साथ हुई। कैडेट्स ने अपनी शारीरिक फिटनेस और टीम वर्क को बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न अभ्यासों में भाग लेते हुए बहुत उत्साह और अनुशासन का प्रदर्शन किया। पीटी सत्र के बाद, कैडेट्स ने ड्रिल अभ्यास में भाग लिया व वरिष्ठ कैडेट्सों ने फायरिंग सत्र जारी रखा। कैंप कमांडेंट कर्नल एसएस रावत की मौजूदगी में सुबह से दोपहर तक फायरिंग का अभ्यास जारी रहा। कैडेटों को लाइव फायरिंग से पहले मस्कट फायरिंग का अनुभव दिया गया। कैंप के कैडेटों को राइफल 22 के बारे में बताया गया और फायरिंग की मूल बातें बताई गईं। इसके बाद पुलिस थाना भोरंज से जांच अधिकारी एएसआई संजीव पुंडीर ने नशीली दवाओं के दुरुपयोग विषय पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि नशा करना आजकल सबसे आम बात हो गई है और कई युवा नशे की लत में फंसकर अपना जीवन बर्बाद कर रहे हैं। इसलिए, हमारे युवाओं के बीच नशे के बुरे प्रभावों के बारे में जागरूकता बढ़ाना और उन्हें इसके शिकार होने से रोकना बहुत महत्वपूर्ण हो जाता है। शाम को खेल और खेल के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए।