संगठन सृजन अभियान के हमीरपुर जिला प्रभारी राज्यसभा सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने मंगलवार को जिले में कार्यकर्ताओं से संवाद किया। जिलाध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर संगठन ने उन्हें जिम्मेवारी सौंपी है। सीएम सुक्खू के गृह जिला हमीरपुर में संगठन सृजन की कमान संभालने पहुंचे गोहिल ने मंगलवार को परिधि गृह हमीरपुर में पत्रकार वार्ता को भी संबोधित किया। शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि परिवर्तन ही स्थायी है। उन्होंने कहा कि अगर देश में विकास का काम किसी ने किया है तो वह महज कांग्रेस पार्टी है। कांग्रेस सरकार होने के चलते हमीरपुर में साक्षरता दर सबसे ज्यादा है और सेना में अधिकतर युवा सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की यह प्राथमिकता है कि संगठन में जवाबदेही स्थायी तौर पर तय हो। केवल चुनाव के समय ही संगठन चुस्त न हो बल्कि हर हर समय पार्टी अलर्ट मोड में रहे। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष की नियुक्ति के लिए कार्यकर्ताओं से भी फीडबैक ली जा रही है। उन्होंने कहा कि जिला में बीजेपी को जीरो पर लाने वाले कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं की पकड़ मजबूत है। कांग्रेस सरकार के समय में एनआईटी संस्थान मिला है तो अन्य बहुत सारी सुविधाएं व विकास हुआ है। कांग्रेस पार्टी में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव भी पारदर्शिता के साथ होता है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष व लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव कांग्रेस पार्टी करवाती है और ऐसी परंपरा भाजपा में नही है। भाजपा में ऊपर से अध्यक्ष थोपा जाता है। संगठन सृजन में टेलेंट हंट का काम किया जाएगा और जब तक काम पूरा नही होगा तब तक कार्यकर्ताओं से मुलाकात जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर सीधे वार रूम से कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया जाएगा। दिल्ली से पूरी नजर अध्यक्षों पर रखी जाएगी और प्रशिक्षण देने के बाद फील्ड में उतारा जाएगा। इस अवसर पर पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, विधायक सुरेश कुमार, पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया, निर्वतमान अध्यक्ष सुमन भारती, कांगेस नेता डा पुष्पेंद्र वर्मा भी मौजूद रहे।