पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन की हमीरपुर इकाई की मासिक बैठक रविवार को बस अड्डा हमीरपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष कृष्ण लाल सोनी ने की। बैठक में पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन के अध्यक्ष कृष्ण लाल सोनी और विक्रम राणा सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य के सभी विभागों और एचआरटीसी कर्मचारियों को तीन प्रतिशत डीए का लाभ दिया गया है, लेकिन एचआरटीसी के पेंशनर अभी भी इससे वंचित हैं। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री द्वारा की गई घोषणा के बावजूद पेंशनरों को न तो डीए मिला है और न ही एरियर का भुगतान किया गया है। संगठन ने आरोप लगाया कि पेंशनरों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। बैठक में यह भी बताया गया कि 50 हजार रुपये की एरियर किस्त सभी को दी जा चुकी है, लेकिन एचआरटीसी पेंशनर अभी भी लंबित भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। पेंशनरों ने कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर भी उन्हें अपनी मांगों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के आश्वासन का जिक्र करते हुए कहा कि जुलाई महीने की पेंशन 10 तारीख तक मिलने की उम्मीद है। बैठक में वीना भाटिया, विक्रम राणा, सुशील कुमार, पवन कुमार, किशोरी लाल, भाग सिंह, तुलसी राम, कांशी राम सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।