जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) द्वारा युवा आपदा मित्र योजना के तहत निजी कॉलेज में आयोजित सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर मंगलवार को संपन्न हो गया। इस शिविर में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड्स, रेंजर्स एंड रोवर्स और अन्य युवाओं को आपदा से बचाव के उपायों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। एडीसी अभिषेक गर्ग ने कहा कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य समाज में ऐसे वॉलंटियर्स तैयार करना है जोकि किसी भी तरह की आपात परिस्थिति से स्थानीय स्तर पर सुनियोजित एवं प्रभावी ढंग से निपटने में सक्षम हों। एडीसी ने कहा कि सात दिवसीय प्रशिक्षण के बाद ये आपदा मित्र अपने-अपने क्षेत्रों में किसी भी तरह की आपात परिस्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों में बहुत बड़ी भूमिका अदा कर सकते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से कहा कि वह इन कार्यों में दक्षता हासिल करने के लिए अपने आपको तकनीक से भी अपडेट रखें। इस दौरान इन प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र भी दिए गए। कार्यक्रम में डीडीएमए की प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण समन्वयक समीक्षा शर्मा, भानु शर्मा और अन्य लोग उपस्थित रहे।