मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को गलोड़ बाजार में प्रदर्शन किया और पूर्व मंत्री विधायक सुधीर शर्मा का पुतला जलाया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती की अगुवाई में हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने सुधीर शर्मा के खिलाफ नारेबाजी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। सुमन भारती ने कहा कि मुख्यमंत्री के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी अशोभनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुधीर शर्मा ने राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इस बयान को लेकर कड़ा विरोध दर्ज करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुधीर शर्मा ने अपने परिवार के सम्मान को भी चोट पहुंचाई है क्योंकि उनके पिता का काग्रेस पार्टी से पुराना नाता रहा है। इस दौरान नादौन कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद, गलोड़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम चंद, युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अशोक संधु, पूर्व जिला अध्यक्ष मोंटी संधू, पूर्व पंचायत प्रधान संजय कुमार, कपिल, पंचायत प्रधान विशाल लखनपाल आदि मौजूद रहे।