विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर में हो रहे उपचुनाव के कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने शुक्रवार को एसडीएम व हमीरपुर विधानसभा के निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर डॉ. पुष्पेंद्र के साथ, सुजानपुर के विधायक कैप्टन रंजीत राणा, डॉ. वर्मा की धर्मपत्नी व उनके पिता व पूर्व मंत्री रणजीत वर्मा मौजूद रहे। इससे पूर्व गांधी चौक में एक विशाल रैली का आयोजन किया गया जिसमें मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री व कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह समेत पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।