अखिल भारतीय आतंकवाद विरोधी मोर्चा के अध्यक्ष मनिंदर जीत सिंह(एमएस) बिट्टा बुधवार सुबह जेड प्लस सुरक्षा के साथ शाहपुर पहुंचे। शाहपुर पहुंचने पर बिट्टा ने बीते दिनों में पुंछ में पाकिस्तानी गोलीबारी में बलिदान हुए सूबेदार मेजर पवन जरियाल की माता किशो देवी को गले लगाकर सांत्वना दी। इसके साथ ही उन्होंने शहीद के पिता पूर्व सैनिक गरजो सिंह, पत्नी सुषमा देवी, पुत्र अभिषेक कुमार, बेटी अनामिका से भी बातचीत की। उन्होंने बलिदानी के परिवार को हर संभव मदद का भरोसा भी दिया। साथ ही कहा कि अगर किसी भी प्रकार की मदद की आवश्यकता पड़ती है तो वह सीधा उनसे संपर्क करें। उन्होंने परिवार से कहा कि वह बलिदानी के बेटे के दस्तावेज तैयार रखें। बेटे की नौकरी को लेकर वह सरकार से बातचीत करेंगे। एमएस बिट्टा ने धर्मशाला में पत्रकार वार्ता भी की। इस दाैरान उन्होंने आतंकवाद व खालिस्तानी आतंकी पन्नू पर जमकर हमला बोला।