अब आपात जैसे स्थितियों से निपटने के लिए पांगी वासियों को उप-दमकल केंद्र की सहूलियत मिलेगी। सोमवार को आवासीय आयुक्त पांगी रमन घरसंगी ने पांगी मुख्यालय किलाड़ में उप-दमकल केंद्र का उद्घाटन किया। कहा कि उप-दमकल केंद्र के खुलने से घाटी के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। आगजनी जैसी आपात स्थितियों में अब तुरंत सहायता उपलब्ध करवाई जा सकेगी। बताया कि पहले आगजनी के मामलों में समय पर सहायता नहीं पहुंच पाती थी, क्योंकि सबसे निकटतम दमकल केंद्र केलांग में स्थित था। सर्दियों के मौसम में भारी बर्फबारी के कारण सड़क मार्ग बंद हो जाने से स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो जाती थी। अब उप-दमकल केंद्र की स्थापना के साथ, घाटी में ऐसी आपात स्थितियों में तुरंत सहायता उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि किसी भी आपात स्थिति में 101 हेल्पलाइन नंबर या उप-दमकल केंद्र पांगी के इंचार्ज पवन कुमार के मोबाइल नंबर 98165-01690 पर संपर्क करें। उन्होंने इस केंद्र की स्थापना के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं।