बिलासपुर। सावन माह के पावन अवसर पर बिलासपुर स्थित विश्वकर्मा मंदिर में आर्ट ऑफ लिविंग के सौजन्य से रुद्र पूजा का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। पूजा के दौरान मंदिर परिसर भगवान शिव के जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चारण से भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा में भाग लेकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर अभय शर्मा ने विधिवत रुद्र पूजा संपन्न करवाई। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। सावन के पवित्र महीने में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। अभय शर्मा ने कहा कि रुद्र पूजा भगवान शिव की आराधना का अत्यंत पवित्र माध्यम है। इसके माध्यम से व्यक्ति अपने भीतर की नकारात्मकता को दूर कर मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक शक्ति का अनुभव कर सकता है। उन्होंने कहा कि सावन माह में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व माना गया है। रुद्र पूजा के माध्यम से प्रकृति, समाज और प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में सुख-शांति एवं मंगल की कामना की जाती है।