जिले में तीन दिन से लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने उपमंडल स्वारघाट की ग्राम पंचायत री के डडवाल गांव में ग्रामीणों के सामने बड़ी मुश्किल खड़ी कर दी है। भारी बारिश के कारण गांव के 16 परिवारों के मकानों और आंगनों में गहरी दरारें पड़ गई हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि ये घर अब असुरक्षित घोषित कर दिए गए हैं। गांव के निवासियों की जान-माल को खतरा पैदा हो गया है। स्थिति की जानकारी मिलते ही नायब तहसीलदार स्वारघाट चतर सिंह रनोत, हल्का पटवारी रविकांत और हेल्पर गुरनाम सिंह मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से अपील की कि वे सुरक्षित स्थानों पर शरण लें, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। इस मुश्किल घड़ी में समाजसेवी डॉ. अनिल ठाकुर, अनिल कुमार, गुरनाम ठाकुर, राजपाल ठाकुर, मदन अत्री और वीर सिंह भी सक्रिय रहे। उन्होंने प्रशासन के सहयोग से गांव को खाली करवाने और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। ग्रामीणों ने प्रशासन और समाजसेवियों का आभार व्यक्त करते हुए मांग की है कि प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत और पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।