कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर कैंची मोड़ के नजदीक एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी कार से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से एम्स बिलासपुर पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दोनों लोग मणिकरण गुरुद्वारा में माथा टेकने के बाद पंजाब स्थित अपने घर लौट रहे थे। कैंची मोड़ से कुछ नीचे पहुंचते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी कार से जा टकराई। कार में एक दंपती सवार था। कार मालिक के अनुसार, वे बिलासपुर से सोलन जा रहे थे और पास लगे भंडारे से प्रसाद लेकर सड़क किनारे कार खड़ी कर प्रसाद खा रहे थे। वे वहां से निकलने ही वाले थे कि अचानक बाइक ने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार को भी काफी नुकसान पहुंचा। हादसे की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है।