ग्राम पंचायत औहर में रविवार को आयोजित ग्राम सभा की बैठक उस समय विवादों में घिर गई, जब पूर्व पंचायत कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की जांच को लेकर चर्चा के दौरान कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि बैठक में काफी देर तक हंगामा होता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर बैठक में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर माहौल शांत कराने का प्रयास किया। पंचायत प्रधान देश राज शर्मा ने आरोप लगाया कि चर्चा के दौरान पूर्व प्रधान ने हंगामा कर ग्राम सभा की कार्यवाही में बाधा डालने की कोशिश की। प्रधान का यह भी आरोप है कि विवाद के दौरान उनकी पत्नी के साथ हाथापाई की गई। घटना के बाद पंचायत प्रतिनिधियों ने पुलिस थाना घुमारवीं में शिकायत दर्ज करवाई। महिला का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। हाथापाई के आरोप पंचायत प्रधान की ओर से लगाए गए हैं। मामले की जांच पुलिस कर रही है और अभी किसी पक्ष के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।