अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से घुमारवीं कॉलेज में आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा मुख्य वक्ता रहे। विशेष अतिथि कॉलेज प्राचार्य प्रोफेसर प्रीतम रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए नशा मुक्ति, चिट्टा जैसी खतरनाक सिंथेटिक ड्रग्स के दुष्प्रभावों पर जागरूक किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के प्रति सतर्क करना और उन्हें इस सामाजिक बुराई से बचाने के उपाय समझाना था। डीएसपी विशाल वर्मा ने बताया कि चिट्टा प्रदेश में नहीं बनता, बल्कि बाहरी क्षेत्रों से तस्करी के जरिए यहां पहुंचता है और युवा पीढ़ी के लिए गंभीर खतरा बन रहा है। सत्र में छात्रों के साथ इंटरएक्टिव संवाद भी किया गया। छात्रों से उनके विचार पूछे गए कि वे नशे के बारे में क्या सोचते हैं और इसे रोकने के लिए कौन-कौन से कदम उठाए जा सकते हैं। छात्र उत्साहपूर्वक भाग लिए और नशे के दुष्प्रभावों पर अपनी समझ साझा की। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि चिट्टा न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि मानसिक क्षमता और सोचने-समझने की शक्ति को भी कमजोर करता है। उन्होंने छात्रों को समझाया कि नशे की शुरुआत अक्सर सिर्फ एक बार आज़माने से होती है, जो जानलेवा लत में बदल सकती है। कार्यक्रम का संदेश था कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक और छात्र की जिम्मेदारी है कि वे अपने आस-पास के माहौल को सुरक्षित रखें।