यमुनानगर। गांव तेजली में गद्दा फैक्ट्री के बाहर सोमवार को प्लाई से लदा ट्रेलर सड़क किनारे कच्चे हिस्से में धंसकर फंस गया। ट्रेलर बीच रास्ते में अटकने से कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और वहां से गुजरने वाले सैकड़ों वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा, जबकि एक एंबुलेंस को भी गांव के अंदर से होकर निकालना पड़ा। ट्रेलर चालक और क्लीनर अकबर ने बताया कि वह गुजरात से प्लाई लेकर फैक्ट्री में माल उतारने आए थे। फैक्ट्री के प्रवेश मार्ग पर जगह कम होने के कारण ट्रेलर मोड़ते समय उसका अगला हिस्सा कच्चे में धंस गया। इसी दौरान वाहन का एक टायर भी क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने बताया कि ट्रेलर को बाहर निकालने के लिए क्रेन की सहायता लेनी पड़ी, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। ट्रेलर फंसने के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया। कीचड़ से होकर निकलने की कोशिश में दो बाइक सवार भी फंस गए। लोगों ने बताया कि फैक्ट्री के बाहर अक्सर बड़े वाहन खड़े रहने से सड़क संकरी हो जाती है, जिससे राहगीरों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है। राम अवतार, जिले सिंह, मोंटी, ओम प्रकाश, दूनी चंद, नसीब सिंह, रामकुमार और लाल चंद आदि ने बताया कि कई बार फैक्ट्री संचालकों से बाहर खड़े वाहनों को परिसर के अंदर खड़ा करने की मांग की गई, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। उनका कहना है कि इसी लापरवाही के कारण सोमवार को ट्रेलर बीच सड़क में फंस गया और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ समय पहले फैक्ट्री में आग लगने की घटना भी हो चुकी है। उन्होंने प्रशासन से फैक्ट्री के बाहर यातायात व्यवस्था सुधारने के साथ-साथ सुरक्षा मानकों की भी जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके। इस बारे में फैक्ट्री संचालक से बात करने का प्रयास किया तो वह मौके पर मौजूद नहीं थे।