केंद्र सरकार द्वारा एमएसपी की मांग नहीं मानने और शंभू बॉर्डर से दिल्ली कूच कर रहे किसानों को बल पूर्वक रोकने के विरोध में यमुनानगर के किसान सड़क पर उतर आए हैं। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले विभिन्न संगठनों के किसानों ने प्रदर्शन किया। लघु सचिवालय के सामने सड़क पर केंद्र सरकार का पुतला जलाया। इससे पहले किसानों ने पुतले की शव यात्रा भी निकाली। हल्की बूंदाबांदी के बावजूद काफी संख्या में किसान अनाज मंडी में एकत्रित हुए और प्रदर्शन करते हुए सड़क पर आए। किसानों ने कृषि विभाग के खंड कृषि अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। किसान नेता साहब सिंह ने कहा कि भाजपा के राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा बयानबाजी कर रहे हैं कि सिंघु बॉर्डर पर किसान आंदोलन के दौरान सैकड़ों महिलाएं गायब हुई हैं। वहीं नशा फैलने का कारण धरती पुत्र किसान हैं। सरकार के सांसदों को ऐसी बयानबाजी ठीक नहीं है। आज से पहले किसानों के प्रति सरकार का ऐसा रवैया कभी भी देखने को नहीं मिला।