थाना सदर क्षेत्र के तीर्थ नगर टपरी स्थित श्मशान घाट के पास मिले युवक राजीव हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मृतक की महिला मित्र और उसका पूर्व परिचित अमित शामिल हैं। डीएसपी आशीष चौधरी ने पत्रकारों को बताया कि 1 मार्च 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि श्मशान घाट के पास एक युवक का शव पड़ा है, जिसकी हत्या प्रतीत हो रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण किया, लेकिन प्रारंभ में पहचान नहीं हो सकी। युवक के बाएं हाथ पर एस, दाहिनी बाजू पर “राजीव” और छाती पर “स्नेहा गुदा हुआ था। गले पर निशान पाए गए। उसी दिन थाना सेक्टर-17 हुड्डा, जगाधरी में धारा 127(6) बीएनएस के तहत गुमशुदगी का मामला दर्ज हुआ। जांच में मृतक की पहचान शंकरपुरी कॉलोनी, छोटी लाइन जगाधरी निवासी राजीव पुत्र राजेंद्र मैनी के रूप में हुई, जो 27 फरवरी से लापता था। जांच में सामने आया कि राजीव की एक महिला मित्र तीर्थ नगर बाड़ी माजरा की रहने वाली है, जिसकी पहले अमित से दोस्ती थी। महिला को लेकर दोनों युवकों में विवाद रहता था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने हत्या की साजिश स्वीकार की। योजना के तहत 27 फरवरी को महिला मित्र राजीव को रणजीतपुर-अदिबद्री घुमाने ले गई। वहां अमित पहले से मौजूद था। महिला वापस लौट आई, जबकि अमित राजीव को सुनसान स्थान पर ले गया, नशीला पदार्थ पिलाकर रस्सी से गला घोंट दिया। साक्ष्य मिटाने के लिए उसके मुंह में चिपकने वाला पदार्थ डालकर चुन्नी ठूंस दी।