105 करोड़ रुपये से बने 200 बेड के मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल के नवनिर्मित भवन से आज एक बार फिर दीवारों पर लगी टाइलें गिर गई। अस्पताल की पांचवीं मंजिल से गिरी टाइलें दवाई लेने आई द्वारिकापुरी कॉलोनी निवासी मीनू के ऊपर गिरी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। टाइलें गिरने से मीनू के सिर में गहरा घाव हो गया। महिला का सीटी स्कैन और एक्सरे कराया जा रहा है। वहीं टाइलें गिरने से तीन बाइक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। 13 मार्च 2024 से लेकर अब तक अस्पताल के नवनिर्मित भवन की बाहरी दीवारों से पांचवीं बार टाइलें गिर चुकी हैं। घुटने के दर्द की दवा लेने आई थी मीनू: द्वारिकापुरी निवासी मांगे राम ने बताया कि उसकी पत्नी मीनू के घुटने में कई दिन से दर्द था। इसलिए वीरवार को उसका चेकअप कराने के लिए वह मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल में बाइक पर आया था। बाइक को अस्पताल परिसर में खड़ी करके वह दोनों अंदर जाने ही लगे थे कि अस्पताल की पांचवीं मंजिल से अचानक दीवार पर लगी टाइलें गिर गई। सारी टाइलें मीनू के सिर के ऊपर गिरी। जिससे उसके सिर में गहरा घाव हो गया। वहीं उसकी बाजू पर भी चोट आई। वहीं मांगे राम समेत तीन मरीजों की बाइक बुरी तरह से टूट गई। घायल मीनू को तुरंत ट्रामा सेंटर ले जाया गया जहां पर डॉक्टरों ने उनका उपचार किया। --- एक साल से लगातार गिर रही हैं टाइलें: 200 बेड के पांच मंजिला अस्पताल को बनाने पर स्वास्थ्य विभाग ने 105 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। 11 मई 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अस्पताल के नए भवन का उद्घाटन किया था। इसके बाद से निर्माण कार्य को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। गत वर्ष 13 मार्च को ब्लॉक-ए में ऑक्सीजन प्लांट के पास टाइलें गिरीं थीं। इसके बाद 26 मार्च को ब्लॉक-बी में टाइलें गिरी और एक सीसीटीवी कैमरा भी टूट गया था। फिर 29 अप्रैल को टाइलें बाइक पर गिरी थी। इसमें एक कार व एक बाइक क्षतिग्रस्त हुई। कार तो अस्पताल की सीनियर नर्सिंग ऑफिसर की थी, जबकि बाइक अस्पताल में बेटे को दवाई दिलाने आए जठलाना निवासी नितेश की थी। उस दिन भी बाइक सवार की कुछ सेकेंड से जान बच गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों, उनके तीमारदारों के साथ-साथ ड्यूटी कर रहे डॉक्टरों व कर्मचारियों में भी डर का माहौल है। इस संबंध में टाइलों में लगी निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच करने के लिए मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल की तरफ से कई बार पीडब्ल्यूडी को पत्र भी लिखा परंतु अभी तक इसे लेकर कोई कार्रवाई नहीं हुई।