सर्दी का असर नगर निगम के यमुनानगर व जगाधरी कार्यालय में लग रहे समाधान शिविरों पर भी पड़ रहा है। सुबह नौ से ग्यारह बजे तक लग रहे शिविरों में फरियादी नहीं पहुंच रहे या नाममात्र पहुंच रहे हैं। ऐसे में अधिकारी फरियादियों के इंतजार में दो घंटे बैठे रहते हैं। इस तरह लोगों का कम रूझान देख निवर्तमान पार्षद शिविरों का समय बदलने की मांग कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि सीएम के आदेश पर 22 अक्तूबर से समाधान शिविर लग रहे हैं। इसकी शुरुआत में काफी संख्या में लोग फरियाद लेकर पहुंचने लगे थे, पर धीरे-धीरे शिविर में आने वाले लोगों की संख्या कम होती जा रही है। निवर्तमान पार्षदों में निर्मल चौहान, रामआसरा भारद्वाज, विनोद मरवाह ने कहा कि कम हुए रूझान वजह समाधान शिविर का निर्धारित समय है, जो सुबह नौ से ग्यारह बजे तक है। सर्दी में इस समय पर लोग अपने कामकाज छोड़ शिविर में नहीं पहुंच पाते हैं। इसलिए सरकार को चाहिए कि शिविरों का समय ग्यारह से दोपहर एक बजे तक तय किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग अपने कामकाज निपटाकर शिविर में पहुंच पाएं और अपनी शिकायतों व समस्याओं का समाधान करवा पाएं। इसके अलावा यह शिविर वार्ड स्तर पर भी लगाए जाने चाहिएं।