फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यमुनानगर में सफाई व्यवस्था से नाराज सेक्टर-17 निवासी, कूड़ा उठाकर पहुंचे भाजपा जिला कार्यालय

यमुनानगर शहर के सेक्टर-17 हुड्डा में सफाई व्यवस्था की बदहाली को लेकर बुधवार सुबह लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कॉलोनी निवासियों ने अपने घरों का जमा कूड़ा-करकट उठाकर सीधे भाजपा जिला कार्यालय का रुख किया और साफ चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे कूड़ा यहीं कार्यालय में डालने को मजबूर होंगे। भारी मात्रा में गंदगी से भरी रेहड़ियां कार्यालय के बाहर खड़ी कर दी गईं, जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने तुरंत प्रभाव से कार्यालय का गेट बंद करवा दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सेक्टर-17 और उसके आसपास कई जगह अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से अनधिकृत डंपिंग यार्ड बना दिए गए थे, जिन्हें बाद में एक स्थान पर शिफ्ट किया गया, लेकिन इसके बावजूद इलाके में गंदगी के ढेर कम नहीं हुए। शहर का यह पॉश इलाका लगातार बदहाल सफाई व्यवस्था को झेल रहा है। यहां तक कि भाजपा कार्यालय भी इसी सेक्टर में स्थित है, फिर भी सफाई पर कोई खास ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उड़ी हुई गंदगी अब घरों तक पहुंचने लगी है, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है। निवासियों ने कहा कि सूखे और गीले कूड़े को लेकर जो व्यवस्थाएं बनाई गई थीं, वह भी केवल कागजों में ही सीमित हैं। न तो घरों से समय पर कूड़ा उठता है और न ही डंपिंग यार्ड में कचरे को सही तरीके से निपटाया जाता है। इसी नाराजगी के चलते आज लोग भाजपा कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए थे। वहीं, मौके पर मौजूद लोगों ने भाजपा जिला अध्यक्ष से फोन पर बात की, जिसमें अध्यक्ष ने कार्रवाई और सफाई व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों से बात कर कड़े निर्देश जारी करने की बात कही। इसके बाद लोगों ने फिलहाल कार्यालय के बाहर कूड़ा न फेंकने का निर्णय लिया, लेकिन यह भी साफ कर दिया कि यदि आगे भी डंपिंग यार्ड से गंदगी बाहर फैलती रही, तो वे मजबूरन कूड़ा कार्यालय के अंदर डालेंगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंची, हालांकि हालात शांतिपूर्ण रहे। स्थानीय लोगों ने मांग की कि सेक्टर-17 जैसे प्रतिष्ठित इलाके को सुंदर और साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और कूड़ा प्रबंधन को व्यवस्थित किया जाए।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें