जोड़िया गुरुद्वारा के पास स्थित अनुराग फैक्ट्री में एक दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय मजदूर अमित की मौत हो गई। मृतक अमित मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और वर्तमान में नवाब कॉलोनी में रहकर फैक्ट्री में काम करता था। परिजनों के अनुसार अमित रोज़ की तरह दिन में काम पर गया था, लेकिन शाम करीब छह बजे उन्हें सूचना मिली कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। हादसे की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार ने बताया कि अमित अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। बिहार में उसके परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है, जिसमें बेटा दिव्यांग बताया जा रहा है। अमित की मौत से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। परिजनों ने फैक्ट्री मालिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। परिवार का आरोप है कि फैक्ट्री मालिक ने शव को बिहार भेजने के लिए 50 हजार रुपये देने की बात कहकर मामला रफा-दफा करने का दबाव बनाया। परिजनों का कहना है कि उन्हें न तो हादसे की सही जानकारी दी जा रही है और न ही किसी तरह की कानूनी मदद। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है। परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।